MissMalini logo
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस बने माता-पिता, ‘नए मेहमान’ का किया स्वागत

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस बने माता-पिता, ‘नए मेहमान’ का किया स्वागत

Anupriya Verma

नए मेहमान के आने की ख़ुशी किसे अच्छी नहीं लगती है और यह खुशखबरी जब अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के घर से आ रही हो, तो जाहिर है कि ख़ुशी और दोगुनी हो जाएगी। प्रियंका चोपड़ा का यही अंदाज़ उन्हें अलहदा बनाता है।  उन्होंने अपनी जिंदगी के हर फैसले बेहद मजबूती से और इंडिपेंडेंट होकर लिए हैं। प्रियंका की यही खास बात तो मुझे बेहद पसंद है। अभी कुछ दिनों पहले ही एक मैगेजीन को दिए इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने स्वीकारा था कि वह और उनके पति निक जोनस पेरेंटहुड जरूर करेंगे। हालाँकि उस वक़्त उन्होंने घोषणा नहीं की थी। लेकिन इन इंटरव्यू के कुछ दिनों बाद ही प्रियंका चोपड़ा ने घोषणा कर दी है कि अब वह एक नई जिम्मेदारी की तरफ अपने कदम बढ़ा रही हैं।  जी हाँ, प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम के माध्यम से घोषणा की है कि उनके पति निक जोनस और उन्होंने अपनी जिंदगी में ‘नए मेहमान’ का स्वागत किया है।

प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर लिखा

हमें यह बताते हुए बेहद ख़ुशी हो रही है कि हमने सरोगेसी के माध्यम से नए मेहमान का स्वागत किया है। हम चाहते हैं कि आप सभी हमारी प्रिवेसी का सम्मान करें, क्योंकि फिलहाल हम केवल अपने परिवार पर ध्यान देना चाहते हैं।  आप सभी का शुक्रिया  !!

प्रियंका हैं बिंदास- बेपरवाह

प्रियंका ने हमेशा ही अपनी बातचीत में इस बात का जिक्र किया है कि वह शादी, परिवार और बच्चों में पूरा विश्वास रखती हैं।  प्रियंका के व्यक्तित्व से यह बात हमेशा साबित भी होती रही है कि वह हमेशा अपने अंदाज़ में रहना जानती हैं और उन्होंने जिंदगी में जो भी कदम उठाये हैं, उसके लिए उन्हें कभी कोई अफ़सोस नहीं रहा है। अपनी शादी के फैसले से लेकर, अपने करियर को बॉलीवुड से हॉलीवुड की तरफ रुख करने पर भी कई लोगों ने प्रियंका का मजाक उड़ाया था कि वह भविष्य में लम्बे समय तक हॉलीवुड में नहीं टिक पाएंगी। लेकिन प्रियंका ने सभी को गलत साबित कर दिया। वर्तमान दौर में प्रियंका कई हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में जुड़ी हैं। भारत का वह ग्लोबल चेहरा हैं।

फैमिली पर्सन रही हैं प्रियंका

प्रियंका हमेशा से अपने परिवार के बेहद करीब रही हैं। वह अपने पिता को बेहद प्यार करती थीं। जब उनका देहांत हुआ था, उस वक़्त प्रियंका काफी दिनों तक निराश रही थीं। पापा की मृत्यु के बाद, वह अपने परिवार का मजबूत सहारा बनीं। अब अपनी मां मधु चोपड़ा का बहुत ख्याल रखती हैं।

मधु चोपड़ा ने मुझसे एक बातचीत में कहा था कि अगर उसको यह पता चल जाए कि मैं बीमार हूँ, तो प्रियंका एकदम उनकी माँ बन जाती हैं और हर वक़्त दूर रहते हुए भी वह मां को दवाएं लेने को कहती रहती हैं। अपनी कजिन परिणीति की भी वह करीबी हैं और दोनों बहनें कई बार हैंग आउट करते रहते हैं।

प्रियंका ने जब दिया था शादी के सवाल पर बिंदास जवाब

प्रियंका चोपड़ा ने जब अपने करियर की शुरुआत की थी, उस वक़्त उन्हें उनके ऐक्सेंट को लेकर कई लोगों ने ताने कसे थे। स्मॉल टाउन गर्ल कह कर चिढ़ाया था, लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने अपने ऊपर मेहनत की और सभी को साबित कर दिया कि वह चाहें तो कुछ भी कर सकती हैं। मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में जब प्रियंका चोपड़ा फाइनलिस्ट के रूप में चुनी गई थीं। उस वक़्त भी शाह रुख खान ने एक सवाल पूछा था कि शादी के लिए वह क्रिकेटर या बॉलीवुड कलाकार दोनों में से किसे चुनना चाहेंगी। इस पर प्रियंका ने क्रिकेटर का नाम चुना था। उन्होंने कहा था कि मैं एक क्रिकेटर से शादी करना चाहूंगी, ताकि जब मैं घर आऊं, तो मैं उससे कह पाऊँ कि पूरे भारत को आप पर गर्व है और उतना ही गर्व आप पर मैं भी करूँगी।

इन सेलेब्रिटीज ने भी पेरेंटिंग के लिए सरोगेसी का माध्यम

प्रियंका चोपड़ा से पहले भी फिल्म इंडस्ट्री में कई सेलेब्स ने सरोगेसी के माध्यम से पेरेंटिंग का रुख इख़्तियार किया है। आमिर खान और किरण राव ने सरोगेसी का रास्ता अपनाया, शाह रुख खान और गौरी खान भी तीसरी बार जब माता-पिता बने, तो उन्होंने सरोगेसी को चुना। शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने दूसरी बार मां सरोगेसी से बनना स्वीकार किया। एकता कपूर और तुषार कपूर भी सिंगल पेरेंट बने सरोगेसी के माध्यम से। करण जौहर के दो बच्चे हैं, सरोगेसी के माध्यम से ही।

बहरहाल, इस बात को लेकर तो मैं आश्वस्त हूँ कि प्रियंका एक बेहतरीन माँ बनेंगी और मैं चाहती हूँ कि उनके बच्चे/बच्ची में अपनी मां के वे सारे गुण आएं, जिनकी वजह से प्रियंका आज पूरी दुनिया में एक नायाब शख्सियत के रूप में उभरें। प्रियंका का बिंदासपन, सेन्स ऑफ ह्यूमर, स्ट्रांग पर्सनैलिटी और आत्म-निर्भरता वाले सारे गुण जरूर आएं। उन्हें इस नयी जिम्मेदारी के लिए बहुत बधाई।